दहेज के लिए दानव बनता मानव

खटर-पटर


निखट्टू-
उत्तर प्रदेश और बिहार  में दहेज की प्रथा बेहद जोरशोर से चलती है। ये बात समाज के तमाम लोगों को खलती है। तो वहीं जिनके घर में बेटे हैं वे इस बात से निश्चिंत रहते हैं कि बहुएं आएंगी तो दहेज में मोटी रकम ऐश-ओ आराम के सामान साथ लेकर आएंगी। अब जैसे ही अपनी बेटी की बात आती है तो तर्क ये दिया जाता है कि ये दहेज ही समाज को खोखला कर रहा है। बिहार के एक बैंक के प्रबंधक ने सिर्फ दहेज के लिए 3 शादियां कीं और तीनों की हत्या कर डाली। संभवत: वो चौथी शादी भी करता मगर इस बार भाग्य ने धोखा दे दिया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दरअसल उसने ये शादी एक राष्ट्रीय स्तर की फुटबाल खिलाड़ी से किया था। उसको अपने शयन कक्ष में ही मार कर पंखे से लटका दिया। जब मृतका का भाई अपनी बहन को  देखने उसकी ससुराल पहुंचा तो वहां कोहराम मचा हुआ था। मृतका के भाई ने बताया कि उसने और उसके परिवार ने मिलकर कुल 22 लाख रुपए खर्च कर अपनी बहन का विवाह किया था। तो उसका ये हश्र हुआ। पुलिस ने उसी के बयान के आधार पर लोभी आरोपी और उसके मां-बाप के खिलाफ मामला कायम कर लिया है। फिलहाल ये सारे लोग फरार बताए जा रहे हैं। अब आप भी न महराज ....अजीब खोपड़ी रखते हैं। अरे ये बिहार -यूपी की पुलिस है न...कमाई का एक भी मौका हाथ से जाने देती है क्या? महापात्र भले ही कुछ पैसे कम कर दे मगर ये यूपी और बिहार की पुलिस तो एक आना नहीं छोड़ती साहब...। अब समझ गए न?
तो ये हुई न बात।
हमारे बचपन में हमारे ही एक पड़ोसी का लड़का विदेश में इंजीनियर था। उसको देखने लड़की वाले आए तो लड़के के पिता जी किसी बिदकी घोड़ी की तरह पीठ पर हाथ ही नहीं रखने दे रहे थे। उनको देखकर लगता था कि वे गोया इंसान से भगवान हो गए हैं। अब लड़की वाले भी कम नहीं थे। जमींदार थे और लड़की का बड़ा भाई गैंगेस्टर था। जैसे ही उसकी गाडिय़ों का काफिला इनके आहाते में घुसा...ठाकुर साहब की बुध्दि ठिकाने आ गई। लेन-देन की बात पक्की हो गई। पांच लाख कैश और 50 तोले सोना इसके अलावा बारात का पूरा खर्चा। लक्जरी बस, बैंड बाजा, लड़के के लिए एम्बेसडर कार। लड़की वाले सब कुछ मान गए। इसके बाद तिलक वाले दिन वे लोग ठाकुर साहब के यहां पहुंचे। इनका लड़का भी अमेरिका से आया हुआ था। इसके बाद लड़की के दूसरे नंबर वाले भाई जो कि आईएएस थे उन्होंने लड़के से बात की। इन लोगों को भी बात जम गई। मगर  लड़के के पिता जी दहेज को लेकर अपने ही दरवाजे पर लड़की वालों पर दबाव बनाने लगे। तमाम रिश्तेदारों के सामने यहां तक कह दिया कि पांच लाख में अगर एक पैसे भी कम हों तो अभी यहां से निकल लो। अब लड़की के गैंगेस्टर भाई से नहीं रहा गया। उसने बैग उठाकर बुढऊ के आगे उलट दिया और बोला लो गिन लो। इसके अलावा ये रहे एक हजार रुपए और रख लो क्यों की तुम्हारे उपलों का ढेर भी हम इस्तेमाल करेंगे। हमने आपको पैसे दे दिए लड़के के बाप ने कहा हां.... लड़की वालों ने 50 तोले सोने के जेवर भी रख दिए कहा सोनार बुलवा कर दिखा दीजिए। वो भी पक्का हो गया। अब लड़की के बड़े भाई ने अपने होने वाले जीजा का हाथ पकड़ा और बोला अब तो आपकी पूरी कीमत दे दी न? अब चलो मेरे साथ...लड़के ने कहा कहां.... उसके होने वाले साले ने कहा अब आपको हम उसी उपले के ढेर पर रखकर जलाएंगे। हमने अपनी बहन के लिए दूसरा लड़का ढूंढवा लिया है। अब तो लड़के के घर में कोहराम मच गया। लड़के के बाप का तो लगा कि हार्ट फेल हो जाएगा। वे लगे हाथ जोडऩे कि भइया आप सबकुछ ले लीजिए मगर मेरा बेटा मुझे वापस कर दीजिए। बात उस लड़के की भी समझ में आ गई उसने अपने बाप को धिक्कारा कहा जितना पैसा आप इनसे लेंगे उसका पांच गुना पैसा मैं कल आपको लाकर दे दूंगा। और मैं उसी लड़की से बिना दहेज के विवाह करूंगा। क्यों समझ गए न सर तो अब हम भी निकल लेते हैं अपने घर। कल फिर आपसे मुलाकात होगी तब तक के लिए जय....जय।

Comments

Popular posts from this blog

पुनर्मूषको भव

कलियुगी कपूत का असली रंग

बातन हाथी पाइए बातन हाथी पांव