जनता कतार में अफसर भ्रष्टाचार में
कालाधन के चक्कर में निकला गरीबों का दिवाला-
काला धन के चक्कर मे निर्धन हो चुका देश का गरीब, किसान, जवान और व्यापारी और कारीगर अब अपने ही पैसों के लिए कतार में धक्के खा रहा है। सरकार के इस फैसले ने उद्योगों की रीढ़ तोड़कर रख दी है तो वहीं लाखों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। तमाम कारखानों पर ताले लटकने लगे हैं। तो वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों के पास से करोड़ों की नई नोट बरामद हो रही है। जो इस व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाती है। बात साफ है कि एक ओर देश की जनता कतार में तो अफसर भ्रष्टाचार में लगे हैं। इस व्यवस्था को पहले बदलना होगा। बिना इसमें बदलाव के किसी भी चमत्कार की उम्मीद करना बेमानी होगी।
नई दिल्ली।
आगरा में 150 कारखाने बन्द, 20 हजार कारीगर बेरोजगार
नोटबन्दी का असर दुनिया में मशहूर आगरा के पेठे की मिठास पर भी पड़ा है। पेठे का काम कैश पर आधारित है लेकिन बाजार में नगदी की कमी और पर्यटकों के गिरते ग्राफ के चलते पेठे की मांग कम हो गई है जिसके चलते आगरा में लगभग 150 पेठे के कारखाने बन्द हो गए हैं। इस वजह से पेठे के 20 हजार कारीगर भी बेरोजगार हो गए हैं।
मथुरा और बनारस में साड़ी कारखाने भी बंद-
सूबे के वाराणसी में साडिय़ों की बुनाई और मथुरा के साड़ी छपाई कारखानों में छपाई बन्द कर दी गई है, जिससे 10,000 मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। नगदी संकट के चलते कानपुर पान मसला उद्योग ने नए माल बनाना बन्द कर दिया है। गोदाम में डम्प माल को धीरे-धीरे बाजार में किसी तरह खपाने की कोशिश की जा रही है। अपने पॉटरी उद्योग के लिये मशहूर खुर्जा की हालत यह है कि 300 इकाइयों में से 140 बन्द हो गई है। आगरा के जूता उद्योग का हाल बेहद बुरा है। 8500 इकाइयों में अधिकांश में तालाबन्दी हो चुकी है।
अर्थव्यवस्था को डिस्टर्ब करने वाला फैसला : एएमयू प्रोफेसर
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में इकोनॉमिक्स के प्रोफेसर निसार अहमद खान ने नोटबंदी के फैसले को पूरी तरह अव्यवहारिक करार दिया। प्रो निसार अहमद ने कहा कि नोटबंदी आर्थिक कारणों से नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से डिस्टर्ब करने वाला फैसला है।
चंदा का धंधा भी हुआ मंदा-
कालेधन के खिलाफ मोदी सरकार के सख्त कदमों के बीच एक और खुलासा हुआ है। चुनाव आयोग ने खुलासा किया है कि देश में रजिस्टर्ड 1900 दलों में से 400 ने कभी कोई चुनाव ही नहीं लड़ा। मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी के मुताबिक, 1900 पार्टियों में से 400 ऐसी पार्टियां हैं जिन्होंने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा है। जैदी ने शंका जाहिर की है कि इन पार्टियों का गठन काले धन को सफेद करने के उद्देश्य से भी किया जा सकता है।
दोबारा रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया लंबी
मुख्य चुनाव आयुक्त नसीद जैदी ने कहा कि चुनाव आयोग ने ऐसी पार्टियों को लिस्ट से निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे राजनीतिक पार्टी के तौर पर आयकर और चंदे में मिलने वाली छूट बंद की जा सकेगी। पार्टियों की लिस्ट में आयोग हर साल काट-छांट करती है। इन पार्टियों को फिर से रजिस्टर्ड नहीं करने के सवाल पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा दोबारा रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया काफी लंबी होती है।
गोवा में 1.5 करोड़ के 2000 रुपए के नए नोटों के साथ दो अरेस्ट
पणजी । पुलिस ने गोवा के पणजी में छापे मारकर 1.5 करोड़ रुपए के नए नोट बरामद किए हैं। बरामद किए गए नोट 2000 रुपए के हैं। पुलिस ने ये नोट पोंडा और पोर्वोरिम में छापे मारकर जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साथ ही बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। बता दें, बड़ी राशि में नए नोट मिलने की पहले भी कई खबरें आई हैं।
पूर्व भाजपा नेता से 10 लाख के नए नोट बरामद-
बुधवार को ही पश्चिम बंगाल में भाजपा के पूर्व नेता मनीष शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। शर्मा को करीब 10 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया है। यह रकम 2000 रुपए के नए नोट के रूप में उनके पास थी। शर्मा भाजपा के टिकट पर रानीगंज से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। चुनाव में 18 फीसदी वोट पाकर वह तीसरे स्थान पर रहे थे। रानीगंज सीट माकपा ने जीती थी। शर्मा को कुछ कोयला माफिया के साथ पकड़ा गया है। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बॉक्स-
पेटीएम है पे टू मोदी : राहुल-
विमुद्रीकरण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा में अगर मुझे बोलने दिया जाए तो मैं सब बता दूंगा कि पेटीएम कैसे पे टू मोदी होता है। पीएम मोदी भाग रहे हैं, अगर वो सदन में चर्चा के लिए आते हैं, तो हम उन्हें भागने नहीं देंगे। राहुल ने कहा कि पीएम का कथन बदल रहा है। विमुद्रीकरण की शुरुआत कालेधन के खिलाफ बताया था, फिर आतंकवाद के खिलाफ, फिर जाली के करेंसी के खिलाफ बताया और अब कैशलेस इकॉनमी की बात कर रहे हैं। संसद में हमारी आवाज को दबाया जा रहा है। राहुल गांधी नहीं है ये कड़ा निर्णय राहुल ने कहा कि यह कड़ा निर्णय नहीं है बल्कि बेवकूफी भरा निर्णय है। कहा कि इस फैसले से गरीब,किसान,श्रमिक तबाह हो गया है। हम चर्चा करना चाहते हैं। हम एक वोट चाहते हैं लेकिन सरकार नहीं चाहती। राहुल गांधी का ट्विटर हैंडल हैक नहीं हुआ था- स्वामी सदन न चलने के सवाल पर राहुल ने कहा कि संसद चलाने की जिम्मेदारी सरकार और स्पीकर की है, न की विपक्ष की।
बैंकों के प्रबंधक हो रहे कमा कर लाल-
नोट बंदी का सबसे ज्यादा फायदा बैंक के प्रबंधकों को हो रहा है। देश के तमाम बैंकों के मैनेजर बाहर आकर कतार में लगी जनता को कैश नहीं है का फरमान सुनाकर अपने चहेतों को उपकृत कर रहे हैं। इसके तमाम मामले भी सामने आ चुके हैं। नोएड़ा के दो बैंक प्रबंधकों पर आरोप है कि उन्होंने पुराने नोटों को बदलने की एवज में सोने की सिल्लियां बतौर कमीशन ली हैं। हालांकि इनको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एटीएम और बैंकों के बाहर लाइन-
बैंकों और एटीएम की कतार में एक ओर पूरा देश खड़ा है। प्रधानमंत्री बदलाव की बात कर रहे हैं। लंबी कतारों में खड़े लोगों पर कभी पुलिस लाठियां भांजती है तो कभी कमीशन लेकर दूसरों के पुराने नोट नए कर रही है। ये सारा काम सरेआम चल रहा है।
----------------------------------------------------------------------------------------------



Comments