महानदी के पानी पर बीजद की खींचातानी
राज्य के साथ चले महानदी जल बंटवारे के विवाद को लेकर उड़ीसा की सत्ताधारी पार्टी बीजू जनता दल का 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल कल प्रदेश के दौरे पर आ रहा है। राज्य के कृषि एवं जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इसकी मौखिक सहमति दे दी है। दस अगस्त को ये लोग राज्य का दौरा करके महानदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं का जायजा लेंगे। इस टीम की अगुवाई बीजद के उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद प्रसन्न आचार्य करेंगे। इस टीम में देवी प्रसाद मिश्रा, प्रदीप कुमार अमट और संजय दास वर्मा शामिल होंगे।
रायपुर।
महानदी के उपयोग को लेकर छिड़ी जंग
दरअसल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच महानदी के उपयोग को लेकर जबरदस्त विवाद चल रहा है। एक तरफ ओडिशा ने छत्तीसगढ़ में महानदी पर बने सभी बैराज को अवैध ठहराते हुए यह कहा है कि बैराज की जानकारी ओडिशा को नहीं दी है तो वहीं छत्तीसगढ़ के जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस पर कहा कि छोटे बैराज बनाने के लिए केन्द्र सरकार से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होती है। केन्द्र की अनुमति केवल बड़े बांधों के लिए लेनी होती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने एकमात्र बन रहे बड़े बांध अरपा-भैंसाझार के लिए केन्द्रीय जल आयोग से अनुमति ली है।
बीजेडी की मांग, छोटा किया जाए बैराज का आकार
ओडिशा के बीजू जनता दल का कहना है कि छत्तीसगढ़ महानदी पर इतने बैराज बना रहा है कि उनके लिए पानी ही नहीं बचेगा। बीजू जनता दल का कहना है कि ओडिशा के हीराकुंड बांध में बरसात के सीजन में महानदी से पानी आता है, जो छत्तीसगढ़ में नए बैराज बनाने से कम हो जाएगा। छत्तीसगढ़ को बड़े बैराज का आकार छोटा करना चाहिए।
25 फीसदी पानी ही राज्य करता है व्यवहार-
छत्तीसगढ़ के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का कहना है कि हम महानदी से केवल 25 फीसदी पानी लेते हैं बाकी का पानी ओडिशा चला जाता है। उन्होंने कहा कि ओडिशा का जल प्रबंधन सही नहीं होने के कारण वहां का पानी समुद्र में चला जाता है।
उल्लेखनीय है कि हीराकुंड बांध का पानी ओडिशा के राजधानी भुवनेश्वर और कटक में सप्लाई किया जाता है। ओडिशा का कहना है कि अगर बांध में पानी नहीं आएगा तो दोनों शहर सूख जाएंगे।
अमित जोगी ने उठाए सवाल
एक तरफ बीजेडी के सदस्य छत्तीसगढ़ आने वाले है तो वहीं पूर्व एम अजीत जोगी के पुत्र और मरवाही विधायक अमित जोगी ने इस पूरे मामले में आपत्ति दर्ज की है। बीजेडी प्रतिनिधिमंडल के छत्तीसगढ़ प्रवास को अनुमति न देने अमित जोगी ने प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखा है।
मुख्य सचिव को लिखा पत्र
अमित जोगी ने पत्र जरिये कहा है कि एक राजनैतिक दल जो छत्तीसगढ़ के विरुद्ध लगातार आंदोलन कर रहा हो, छत्तीसगढ़ के विरुद्ध ओडिशा में अभियान चला रहा हो, ऐसे दल के साथ छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चर्चा करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। महानदी मामले को लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच चल रहे विवाद के बीच बीजेडी के प्रतिनिधिमंडल का रायपुर आना कई सवाल खड़े करता है। यह प्रतिनिधिमंडल ओडिशा सरकार द्वारा गठित नहीं बल्कि एक राजनैतिक पार्टी यानि बीजेडी द्वारा गठित प्रतिनिधिमंडल है।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ओडिशा के किसी भी राजनैतिक दल के प्रतिनिधिमंडल से महानदी पर चर्चा करना मौलिक रूप से गलत ही नहीं होगा वरन वर्तमान परिस्थितियों में एक संवेदनहीन निर्णय भी होगा। छत्तीसगढ़ सरकार अगर ओडिशा के किसी भी राजनैतिक दल से महानदी मामले को लेकर औपचारिक या अनौपचारिक चर्चा करती है तो इससे छत्तीसगढ़ के लोगों के बीच गलत सन्देश जाएगा। अगर बीजेडी के दल और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच कोई संवाद होता है तो छत्तीसगढ़ की जनता उग्र प्रदर्शन करने विवश होगी।
===============

Comments