मुर्दे के नाम पर खरीदा पंप, मचा हड़कंप
पखांजुर के कृषि विस्तार अधिकारी की करतूत
-सुराज की सरकार ने भ्रष्ट अफसरों को लूट की खुली छूट दे रखी है। इसका जीता जागता नज़ारा उस वक्त पखांजुर में देखने को मिला जब यहां के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कापसी, आर.के. पटेल ने मुर्दे के नाम पर विद्युत चालित पंप खरीदकर दूसरे को दे दिया। इसका खुलासा होते ही वहां हड़कंप मच गया है। पीडि़तों का आरोप है कि आर.के. पटेल ने ही ये सारा खेल किया है। इन्होंने मृतक लच्छूराम नायक और हिरेंद्र समरथ निवासी बारदा के नाम पर विद्युत पंप की अवैध खरीदी की। ऐसे में सवाल तो यही है कि क्या गरीबों को शाकाम्भरी योजना का लाभ ऐसे ही बांटा जा रहा है? सरकार इस योजना को लेकर बार-बार अपनी पीठ थपथपाती रहती है। सवाल तो ये भी है कि आखिर मुर्दे ने कागजों पर दस्त$खत किए तो कैसे? इसके लिए सुराज की सरकार को तो पुरस्कृत किया जाना चाहिए।
शाकाम्भरी योजना में भारी गोलमाल, कृषि विस्तार अधिकारी ने सरकार की छवि बिगाड़ी
पखांजूर।
क्या है पूरा मामला-
ज्ञात हो की राज्य सरकार लघु-सीमित किसानों को सिंचाई का लाभ पहुंचने के लिए शाकम्भरी योजना के तहत डीजल पंप,विद्युत पंप, और केरोसिन पंप पर 75 फीसदी अनुदान और कूप निर्माण पर 50 फीसदी अनुदान देती हैं । इसमें किसानों को 20-40 हजार का फायदा मिलता हैं, मगर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी आर. के. पटेल ने इस योजना के तहत एक साल पहले ही मर चुके आदमी के नाम से फर्जी फोटो, और हस्ताक्षर के प्रकरण पास करवाकर सम्पूर्ण राशि हड़प ली।
बारदा निवासी स्वर्गीय लच्छूराम नायक की मृत्यु नौ फरवरी 2014 को हो गई थी। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी आर.के.पटेल ने दिनांक 26जुलाई 2015 को मृतक के नाम से फर्जी प्रकरण पास करवाकर व्यक्तिगत लाभ ले लिया और कागजों में मृतक को जीवित बतला दिया।
कैसे हुआ खुलासा-
इसका खुलासा तब हुआ जब हमारी सरकार की टीम मृतक लच्छूराम नायक, हरिंद्र समरथ के घर पहुंची और उसका मृत्यु प्रमाण पत्र देखा ! अंचल के ग्रामीण जगदीश उसेंडी, राजवीर मंडल, जीतेन्द्र नायक, अंकालू मांडवी ने बताया हम शाकम्भरी योजना का लाभ लेने के लिए कई बार ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संम्पर्क किया था। तो यही अधिकारी हमें गोलमोल जबाब देते रहे और हमें पंप नहीं मिला। इसके बाद इन्होंने मृतक के नाम से पंप का प्रकरण पास करवा कर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया।
वर्जन-
यदि मृतक के नाम से प्रकरण पास करवाया गया है, तो बहुत गलत बात है। इसकी जाँच होगी और संम्बंधित आर.ई.ओ.के दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी !
वाईआर वांगड़े
वरिष्ठ कृषि अधिकारी
पखांजुर
---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------



Comments