पुलिस मचाती रही हल्ला अपराधी लूट ले गए गल्ला-
नगर में शनिवार की शाम को पुलिस बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच के नाम पर हल्ला करती रही। तो वहीं अज्ञात अपराधी टिकरापारा थाना क्षेत्र के लालपुर में शराब दुकान के व्यवसाई की जांघ में गोली मार कर गल्ले से 4 लाख रुपए लूटकर आराम से फरार हो गए। सवाल तो यही उठता है कि जब जांच चल रही थी, पुलिस हर संदिग्ध पर पैनी निगाह रखे हुए थी तो अपराधी कैसे फरार होने में कामयाब हो गए? इससे पहले भी हुई तमाम वारदातों में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। शहर के व्यापारियों से लेकर आम लोगों में दहशत का माहौल कायम है।
अवैध असलहों की मंडी बना रायपुर, बाहरी गैंग लगातार दे रहे वारदातों को अंजाम
रायपुर ।
क्या है पूरा मामला-
टिकरापारा थाना क्षेत्र के लालपुर में स्थित एक शराब दुकान में फायरिंग हुई। शराब दुकान के अंदर व्यवसायी को गोली मारी गई है। हमलावर ने जांघ पर दो गोली मारी है। गोली मारने के बाद हमलावर पैसे लूट कर फरार हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पचपेड़ी नाका लालपुर स्थित शराब दुकान में आज रात 8.30 बजे के आसपास वारदात को अंजाम दिया गया है। अज्ञात हमलावर ने शराब व्यवसायी अशोक सिन्हा की जांघ में गोली मारी है। बताया जा रहा है कि गोली मारने के बाद हमलावर पैसे लूट कर फरार हो गए। हमलावर ने करीब 4 लाख की लूट की है। वारदात सीसीटीवी में कैद बताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी है। व्यवसासी को एक नीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व 28 सितंबर को शहर के सराफा कारोबारी प्रवीण नाहटा को भी गोली मारकर हमलावरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना में सराफा कारोबारी की कनपटी पर गोली मारी गई थी,मगर निशाना चूक जाने से उनके जबड़े में गोली लगी। हमलावर अब भी फरार बताए जाते हैं। तो वही शारदा चौक स्थित जयराम कॉम्प्लेक्स के सामने 29 सितंबर की शाम शहर के एक कारोबारी एस शर्मा 12 लाख 50 हजार की उठाईगिरी के शिकार हो गए। भीड़ भरी सड़क पर आरोपियों ने कार से बैग पार किया था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद भी उठाईगिर अब तक फरार हैं।
टिकरापारा में सराफा कारोबारी की हत्या-
कुछ दिन पहले टिकरापारा थाना क्षेत्र के पचपेड़ी नाका के पास अज्ञात आरोपियों ने एक सराफा व्यवसाई पंकज बोथरा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तो उसके पास से गहने से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। चोरी गए कुल जुमले की कीमत तकरीबन तीन लाख के आसपास बताई जा रही है।
डहरिया हत्या कांड-
छछानपैरी में हुए डहरिया हत्याकांड में एक 10 नंबर की चप्पल और कुल्हाड़ी तो मिली मगर पुलिस के हाथ हत्यारे नहीं चढ़ सके। आज तक पुलिस ये नहीं बता पाई कि इस वारदात में असली कातिल कौन है?
प्रवीण नाहटा को मारी गोली-
मंगलवार की रात को अज्ञात हमलावरों ने अनुपमनगर में उद्योगपति प्रवीण नाहटा को गोली मार दी। इसके बाद वे आराम से फरार होने में कामयाब हो गए। मामले में प्रयुक्त स्कूटर बुलेट शोरूम के नीचे पंडरी से बरामद हुआ।
रक्सेल हत्याकांड में भी पुलिस रही फेल-
मौदहापारा थाना क्षेत्र में रक्सेल हत्याकांड में पुलिस आज तक ये नहीं बता पाई कि पिस्तौलें राजधानी में कहां से आ रही हैं।
अवैध हथियारों की मंडी बनी रायपुर-
कभी शांत और अपनी गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाने वाला रायपुर शहर आजकल आतंक का पर्याय बनता जा रहा है। जहां अपराधिक किस्म के लोगों के पास बामुश्किलन चाकू मिला करती थी। आज उसी शहर में एक पर एक घटनाएं अवैध असलहों के दम पर अंजाम दी जा रही हैं। पुलिस विभाग के उच्च पदस्थ अधिकारियों का मानना है कि इन वारदातों के पीछे बाहरी गैंग का हाथ है। तो वहीं ये अधिकारी अवैध असलहों के बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं ।
कौन-कौन से असलहे-
शहर के बीचोबीच डॉक्टर की अत्याधुनिक असहलों की फैक्टरी पकड़े जाने के बाद से ही एक बात तो साफ हो गई कि यहां असलहों के सौदागर तो जरूर आ -जा रहे हैं। इसकी पुष्टि भी पिछले दो-तीन वारदातों में भी हो गई। इसमें 12 बोर के अलावा 315 बोर के कट्टे का प्रयोग किया गया था।
-
Comments